संदीपनि विद्यालय खनियाधाना में छात्रों का हंगामा: शिक्षकों पर प्रोजेक्ट में भेदभाव का आरोप, परीक्षा प्रभारी पर स्कूल में वर्षगांठ मनाने का आरोप
अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ल ने सुनी समस्याएं, जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन
अतुल जैन
खनियाधाना। शिवपुरी जिले के खनियाधाना स्थित शासकीय सांदीपनि विद्यालय में सोमवार को छात्रों ने शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलने पर अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ल विद्यालय पहुंचे और ABVP से जुड़े छात्रों की समस्याएं सुनीं।
क्या है छात्रों के आरोप
छात्रों का आरोप है कि पिछले दिनों हुई परीक्षाओं में प्रोजेक्ट के नंबरों में हेरफेर किया गया है। छात्रों ने कहा कि विद्यालय में नियमित रूप से अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट में नंबर कम कर दिए गए, जबकि जिनकी उपस्थिति न के बराबर थी उनके नंबर बढ़ा दिए गए। छात्रों ने इसे सीधा-सीधा भेदभाव बताते हुए जांच की मांग की।
विद्यालय में निजी आयोजन का मामला
इस दौरान एक अन्य मामला भी सामने आया। छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय के परीक्षा प्रभारी शिक्षक मोहन सोनी ने कुछ दिन पूर्व स्कूल परिसर में ही अपनी वैवाहिक वर्षगांठ का आयोजन किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि शासकीय विद्यालय में इस तरह के निजी आयोजन से संस्था की मर्यादा प्रभावित होती है और छात्रों पर गलत असर पड़ता है।
अपर कलेक्टर ने दिया जांच का आश्वासन
मौके पर पहुंचे अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ल ने छात्रों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि “छात्रों द्वारा लगाए गए दोनों आरोप गंभीर प्रकृति के हैं। प्रोजेक्ट के नंबरों में हेरफेर और विद्यालय परिसर में निजी आयोजन के मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
शिक्षा विभाग की साख पर सवाल
गौरतलब है कि सांदीपनि विद्यालय शासन की महत्वपूर्ण योजना के तहत संचालित होते हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। ऐसे में विद्यालय में पदस्थ शिक्षक पर ही नियम विरुद्ध आचरण के आरोप लगने से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा की जाने वाली जांच और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
(इनका कहना है)
"विद्यालय में प्रोजेक्ट के अंकों को लेकर कुछ छात्रों की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके संबंध में निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच प्रक्रिया में एक सप्ताह का समय लगेगा और पूरी रिपोर्ट स्पष्ट होने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, स्कूल में शादी की सालगिरह मनाने और छात्रों की उपस्थिति व अंकों में अनियमितता के जो आरोप लगाए गए हैं, उन सभी बिंदुओं पर हम अटेंडेंस रजिस्टर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रहे हैं। हम इस मामले में पूरी पारदर्शिता बरतेंगे।"
(दिनेश चंद्र शुक्ल,अपर कलेक्टर)

