हर्ष कान्वेंट हाई स्कूल बड़ोदिया में स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस पर सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम आयोजन
स्वामी विवेकानंद के विचारों से विद्यार्थियों में जागी नई ऊर्जा।
दिलीप पाटीदार
सरदारपुर । आज हर्ष कान्वेंट हाई स्कूल बड़ोदिया में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा सूर्य नमस्कार एवं योग अभ्यास किया गया। स्कूल प्राचार्य ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक एवं आत्मिक शक्ति भी प्रदान करता है। योग और अनुशासन ही युवा शक्ति को सही दिशा देने का माध्यम है।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद जी के प्रेरणादायी विचारों का वाचन किया गया। उनके प्रसिद्ध उद्बोधन का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा—
“उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए।”
साथ ही यह भी कहा गया कि स्वामी विवेकानंद जी युवाओं को देश का भविष्य मानते थे और चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास तथा राष्ट्रसेवा को जीवन का मूल मंत्र बताते थे।
प्राचार्य मुकेश पाटीदार ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। यदि युवा उनके आदर्शों को अपनाएं तो समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को जीवन में उतारने का संकल्प दिलाया गया।
युवा दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने वाला सिद्ध हुआ।

