टाटा संस चेयरमैन विवाद: राहुल गांधी ने उठाया सवाल, कहा- अपराधों के लिए न्याय दिलाएंगे

  • Share on :

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को टाटा समूह को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि टाटा समूह को सुनियोजित तरीके से बर्बाद किया जा रहा है और देश का कोई भी कारोबारी इस मुद्दे पर खुलकर बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। राहुल ने कहा कि इन कथित अपराधों के लिए न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब टाटा समूह की प्रमुख होल्डिंग कंपनी टाटा संस के नेतृत्व को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद के कारण टाटा ट्रस्ट्स के पदाधिकारियों के बीच मतभेद सामने आए हैं। मामला अब टाटा संस के निदेशक मंडल तक भी पहुंच गया है।
दरअसल, टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने एन. चंद्रशेखरन को टाटा संस का चेयरमैन फिर से नियुक्त करने के प्रस्ताव को चुनौती दी है। यह प्रस्ताव 17 सितंबर को टाटा संस के बोर्ड की बैठक में पारित हुआ था। टाटा संस देश के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल टाटा समूह की प्रमुख होल्डिंग कंपनी है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि टाटा समूह को कथित तौर पर आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है और कोई कारोबारी नेता इस पर कुछ बोलने की हिम्मत नहीं कर रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि कारोबारी कब तक चुप रहेंगे और क्या वे तब बोलेंगे, जब सब कुछ उनके हाथ से निकल जाएगा? उन्होंने आगे कहा कि भारतीय कारोबार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का निजी खिलौना नहीं है। राहुल ने कहा, 'आपमें हिम्मत नहीं है, लेकिन हममें है। हम इन अपराधों के लिए न्याय सुनिश्चित करेंगे'।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper