टीम इंडिया फाइनल में: आधी रात को ढोल की थाप पर नाचा इंदौर, गूंजे 'भारत माता की जय' के नारे

  • Share on :

इंदौर। भारत टी-20 विश्वकप के फाइनल में पहुंच चुका है। इसके लिए सेमी फायनल में गुरुवार को भारतीय खिलाड़ियों ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में हराया। इसके बाद इंदौर के लोगों ने राजवाड़ा पर जश्न मनाया। क्रिकेट प्रेमी तिरंगा हाथों में लेकर नाचते रहे।
टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की शानदार जीत का गवाह एक बार फिर इंदौर का हृदय स्थल राजवाड़ा बना। जैसे ही इंग्लैंड की टीम मैच हारी तो शहर कुछ देर के लिए आतिशबाजी और पटाखों से गूंज उठा। मैच के लिए कुछ स्थानों पर बड़ी टीवी स्क्रीन भी लगाकर रखी गई थीं।
जीत भारत के निकट आते ही लोग टीवी स्क्रीन छोड़कर गाड़ियों से राजवाड़ा की ओर रवाना होने लगे। पहले कुछ लोग राजवाड़ा पर जुटे और देखते ही देखते राजवाड़ा पर क्रिकेट दीवानों की भीड़ जमा हो गई। क्रिकेट प्रेमी हाथों में तिरंगे लहराने लगे और भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। युवाओं ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया, तो कई लोग देशभक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
कई परिवार अपने बच्चों के साथ तिरंगा हाथ में लिए जश्न मनाने पहुंचे। नाचते हुए कई लोग रील भी बना रहे थे। कुछ देर बाद चौक पर मौजूद भीड़ को पुलिसकर्मियों ने अपने-अपने घरों की ओर लौटने की अपील की। पुलिस के इस रवैये का भाजपा नेता ने विरोध भी किया। उनका कहना था कि जितनी देर तक क्रिकेट प्रेमी जश्न मना रहे हैं, उन्हें मनाने दिया जाए, हालांकि रात साढ़े 12 बजे से पहले ही राजवाड़ा खाली होने लगा था। अब क्रिकेट प्रेमियों को 8 मार्च के फाइनल मुकाबले का इंतजार है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper