बेतवा नदी पर बन रहा पुल ताश के पत्तों की तरह ढहा, मलबे में दबे कई मजदूर; सीएम योगी ने लिया संज्ञान
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में देर रात आए तेज तूफान के दौरान बेतवा नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया. जो पुल लोगों की आवाजाही के लिए बनाया जा रहा था, वही पुल लोगों की मौत का सबब बन गया. इस हादसे में अब तक छह मजदूरों की मौत हो गई है और कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की भी आशंका हैं.
स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं. मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. मलबे में कई लोग फंसे हैं और ऐसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.
हमीरपुर में मोरा कांडर और कुरारा इलाके को आपस में जोड़ने के लिए एक नए पुल का निर्माण किया जा रहा है. देर रात इलाके में अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया. इसी दौरान निर्माणाधीन पुल की एक भारी-भरकम स्लैब अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई.
हमीरपुर के ASP अरविंद कुमार वर्मा ने इस हादसे का ब्योरा दिया. ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'कल रात करीब 2 बजे हमें सूचना मिली कि एक स्लैब गिर गया है और कुछ लोग उसके नीचे फंसे हुए हैं, जिसके बाद हम तुरंत मौके पर पहुंचे. SDRF यहां है और बचाव अभियान चल रहा है.'
हमीरपुर में गिरे इस पुल मामले का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया. उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख जाहिर किया. सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत और बचावकार्य तेज करने का दिया निर्देश भी दिया. मुख्यमंत्री ने घायलों का उचित इलाज करवाने, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हर मुमकिन सहायता मुहैया करवाने के भी निर्देश दिए हैं.
साभार आज तक

