आंधी-तूफान के बाद निगम की त्वरित कार्रवाई, 40 से अधिक स्थानों से हटाए जा रहे गिरे पेड़
आदित्य शर्मा
इंदौर। इंदौर में रविवार को तेज आंधी, तूफान और बारिश के बाद नगर निगम ने तत्काल राहत एवं सफाई कार्य शुरू कर दिया। कंट्रोल रूम पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर 40 से अधिक स्थानों पर पेड़ और डालियां गिरने तथा 23 स्थानों पर टहनियां गिरने की सूचना मिली।
महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव और आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल के निर्देश पर उद्यान विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ों और डालियों को हटाने, यातायात बहाल करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन सुचारू करने का कार्य शुरू किया। कई स्थानों पर बिजली लाइनों और सड़कों पर गिरे पेड़ों को भी सुरक्षित तरीके से हटाया गया।
आयुक्त ने अधिकारियों को वर्षाकाल के दौरान कंट्रोल रूम और फील्ड टीमों के बीच सतत समन्वय बनाए रखने तथा नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।

