चंदन वंदन एवम हर्षाेल्लास और उमंग के साथ मनाया गया प्रवेशोत्सव कार्यक्रम
प्रदीप सिंह बघेल
शहडोल। जिला मुख्यालय शहडोल के शासकीय रघुराज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल में स्कूल चले हम अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, सदस्य योजना योजना समिति श्रीमती अमिता चपरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती फूलवती सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियो, अधिकारियो, अभिभावको एवं विद्यार्थियो की उपस्थिति में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम हर्षाेल्लास, उत्साह एवं उमंग के साथ प्रवेशोत्सव सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मॉ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने प्रवेशोत्सव कार्यक्रम को सम्बोंधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य है इनके योगदान से ही हमारे समाज और देश का उत्थान संभव है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षित करना शासन की मंशा है, यह तभी संभव होगा जब हम सब मिलकर बच्चे को शिक्षा के लिए प्रेरित करेंगे, शिक्षा से अनुशासन, सोच और सकारात्मक दिशा में बढने की क्षमता बढती है। उन्होने कहा कि बच्चो के अभिभावक विद्यालय के शिक्षको से बड़ी उम्मीदे रखते है कि मेरे बच्चे पढ़कर लिखकर नाम रोशन करेंगे इन उम्मीदो को पूरा करना शिक्षको का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षक पूरी ईमानदारी, लगन और समर्पण के साथ विद्यार्थियो को शिक्षा दें जिससे आगे चलकर वे देश और समाज के विकास और उन्नति में अपने योगदान दे सकें।
सदस्य, जिला योजना समिति श्रीमती अमिता चपरा ने प्रवेशोत्सव कार्यक्रम को सम्बोंधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार विद्यार्थियो को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा देने के लिए कार्य कर रही है। बच्चो को शिक्षित करना हम सबका नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियो को निःशुल्क साइकिले, पाठ्य सामग्री, छात्रवृत्ति, गणवेश जैसी अन्य सुविधा निःशुल्क प्रदाय की जा रही है। विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को स्कूटी तथा 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियांे को लैपटॉप उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओ का लाभ लेते हुए अभिभावक अपने बच्चो को नियमित रूप से विद्यालय भेजे तथा बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करें।
कार्यक्रम को जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती फूलवती सिंह, अध्यक्ष नगरपालिका श्री घनश्याम जायसवाल ने भी सम्बोंधित किया। कार्यक्रम में उपस्थिति जनप्रतिनिधियो एवं अधिकारियो ने नवप्रवेषित विद्यार्थियो को तिलक, पुष्पवर्षा एवं फूलमाला पहनाकर स्वागत, कक्षा 9वीं प्रवेषित बच्चियो को साइकिल वितरित, उच्चतम अंको से परीक्षा उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियो को प्रमाण पत्र भी वितरित किये गए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरावती कोल, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण श्री उमेश कुमार धुर्वे, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनंद राय सिंहा, डीपीसी श्री अमरनाथ सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.के. मंगलानी, समाजसेवी श्री रवींद्र वर्मा, श्री प्रियम त्रिपाठी, ए.पी.सी. श्री अरविंद पाण्डेय सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थियो सहित अन्य लोग उपस्थित रहें। कार्यक्रम को संचालन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पाण्डेय ने किया।

