हिसार के छह घरों के चिराग बुझे: सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए निकले थे दोस्त, हादसे ने छीनी जिंदगी

  • Share on :

हिसार. घर से निकलते वक्त किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा. दोस्तों के साथ हरिद्वार में गंगा स्नान करने की योजना थी. सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सभी ने साथ चलने का फैसला किया था. सुबह का वक्त था. छह दोस्त एक कार में सवार होकर घर से निकले थे. पीछे छूट गए थे अपने लोग, घर-परिवार और रोजमर्रा की जिंदगी. किसी को उनके लौटने का इंतजार था तो किसी ने शायद उनके वापस आने पर साथ बैठकर बातें करने की उम्मीद लगा रखी थी. लेकिन कुछ घंटों बाद जो खबर पहुंची, उसने छह परिवारों की दुनिया ही बदल दी.
अब उन घरों में बेटों की आवाज सुनाई नहीं देगी. मां-बाप की आंखें दरवाजे पर लगी हैं, लेकिन लौटकर आने वाले कदम हमेशा के लिए थम चुके हैं. हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद उपमंडल के गांव राखीगढ़ी और मोठ के छह दोस्तों की मुजफ्फरनगर में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. मरने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं. एक ही परिवार के दो बेटों का इस तरह एक साथ चले जाना उस परिवार पर कैसा पहाड़ बनकर टूटा होगा, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है.
सभी छह युवक आपस में दोस्त थे. किसी की उम्र 20 साल थी तो कोई 21 या 23 साल का था. उम्र के जिस पड़ाव पर जिंदगी के सपने आकार लेते हैं, भविष्य की योजनाएं बनती हैं और परिवार को बच्चों से उम्मीदें होती हैं, उसी उम्र में इन छह युवकों की जिंदगी खत्म हो गई. इनमें राखीगढ़ी निवासी साहिल (20), अमन (21), अंकित (21), राहुल (23) और गांव मोठ के दो युवक शामिल थे. सभी का अपना काम था, अपनी पढ़ाई थी और अपने परिवार के लिए कुछ करने की चाह थी. कोई ड्राइविंग करता था, कोई पढ़ाई कर रहा था तो कोई अपने हुनर से घर चलाने में मदद करता था. साहिल पुत्र सोमकुमार ड्राइविंग का काम करता था. अमन पुत्र रामफल और अजय पुत्र शमशेर गांव मोठ लुहारी के रहने वाले थे और पढ़ाई कर रहे थे. अंकित पुत्र राजेश भी पढ़ाई करता था. वहीं, राखीगढ़ी निवासी अंकित पुत्र समुंदर एसी और फ्रिज रिपेयरिंग का काम करता था. राहुल गैस बिल्डिंग में मिस्त्री का काम करता था. इन सभी की अपनी-अपनी दुनिया थी. दोस्ती ऐसी कि धार्मिक यात्रा पर भी साथ निकल पड़े. लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. जिस यात्रा में छह दोस्तों को एक साथ गंगा स्नान करना था, उसी यात्रा ने उन्हें हमेशा के लिए एक-दूसरे से जुदा कर दिया.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper