पीजी कॉलेज के विक्रम सभागार से गूंजा नशामुक्ति का संकल्प, धार में ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान का शुभारंभ

  • Share on :

जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना और एसपी सचिन शर्मा ने किया शुभारंभ, बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर दिया जन-जागरूकता का संदेश।
जिला ब्यूरो दिलीप पाटीदार 
धार। युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जिले में बुधवार को ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान का शुभारंभ जिला मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज के विक्रम सभागार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना एवं पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा रहे।
कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली इस रैली ने नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया और लोगों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनका सही मार्गदर्शन समाज को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सामाजिक विकास के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। तथा कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है।  उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएं।

नशा परिवार और समाज के लिए घातक: एसपी

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह आपराधिक प्रवृत्तियों को भी जन्म देता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहें, बल्कि अपने आसपास के साथियों को भी इसके प्रति सचेत करें। एसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए व्यापक जन-भागीदारी आवश्यक है।

​बाइक रैली के माध्यम से दिया संदेश

कार्यक्रम के पश्चात एनसीसी कैडेट्स द्वारा निकाली गई बाइक रैली और जन-जागरूकता प्रचार वाहन को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर पीजी कॉलेज परिसर से रवाना किया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहाँ एनसीसी कैडेट्स ने नारे लगाकर और आमजन को पम्फलेट्स वितरित कर "नशा छोड़ो, जीवन अपनाओ" का संदेश दिया। इस दौरान शहर के नागरिकों ने भी रैली का स्वागत किया।

​शपथ के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम
समारोह का समापन सामूहिक शपथ के साथ हुआ। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने सभी उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल के जवानों, एनसीसी कैडेट्स और महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहेंगे, बल्कि समाज को इस बुराई से मुक्त करने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
​इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, पीजी कॉलेज के प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper