रूस-यूक्रेन युद्ध ने लिया भयानक रूप: हाइपरसोनिक और बैलिस्टिक मिसाइलों के हमले से कांपा यूक्रेन
नई दिल्ली. यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध ने एक बार फिर बेहद भयानक रूप ले लिया है. रूस ने यूक्रेन के कई बड़े शहरों पर अब तक का सबसे भीषण और विनाशकारी बैलिस्टिक मिसाइल हमला किया है. इस हमले की भयावहता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि यूक्रेन की राजधानी कीव सहित खारकीव, ज़ापोरिझिया, निप्रो और कामियांस्के जैसे प्रमुख शहर धमाकों से दहल उठे हैं. रात भर चले इस भारी हमले में न केवल सैन्य ठिकानों को बल्कि रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया है.
कीव के आसमान में नॉन-स्टॉप धमाकों के साथ अजीब और डरावनी चमकीली रोशनी देखी गई. हमले के तुरंत बाद स्टारोकोस्तियानटिनिव एयर बेस से भी आग लगने की खबरें आईं, जिसने पूरे देश में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने पहले ही चेतावनी दी थी कि रूस एक बड़े हमले की तैयारी कर रहा है और यह हमला ठीक उसी का नतीजा है.
इस हमले को अंजाम देने के लिए रूस ने अपने सबसे आधुनिक और विनाशकारी हथियारों के जखीरे का इस्तेमाल किया है. इस हमले में रूस की घातक इस्कंदर-एम (Iskander-M) बैलिस्टिक मिसाइलें, टॉरनैडो-एस (Tornado-S) मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम, जिरकॉन (Zircon) हाइपरसोनिक मिसाइल और एस-300/400 (S-300/400) एयर डिफेंस मिसाइलें शामिल थीं.
साभार आज तक

