आगामी 31 मार्च तक हर हाल में पूरे हों योजनाओं के लक्ष्य — कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने दिये निर्देश
इंदौर। हितग्राही एवं रोजगार मूलक योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने आज कलेक्टर कार्यालय में शासकीय एवं बैंक अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिये कि 31 मार्च तक सभी निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने विभागों और बैंकों को समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए।
बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हितग्राहियों के ऋण प्रकरणों में अनावश्यक देरी न हो और स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया को तेज किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बिना उचित कारण के किसी भी प्रकरण को निरस्त करना स्वीकार्य नहीं होगा।
बैंकवार समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने धीमी प्रगति वाले प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि यह योजनाएं लोगों के जीवन से जुड़ी हैं, इसलिए प्रत्येक अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि अधिकतम हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।

