आज भी मध्य प्रदेश में कई जिलों में शीत लहर पाला और कोहरा छाए रहने की मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
भोपाल। मध्य प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली सर्दी के तेवर कम होने का नाम ही नहीं ले रहे। प्रदेश के सभी जिलों में ठंड का तेज असर दिखाई दिया। लोग रजाई में दुबकने के लिए मजबूर हो रहे हैं। मंगलवार को भी राजधानी भोपाल सहित 7 जिलों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियसस से नीचे रहा। राज्य के 10 शहरों में शीतलहर चली। प्रदेश में सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत के राज्यों से ठंडी हवाएं प्रदेश की ओर आ रही हैं। उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान काफी कम हैं। वहीं से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठंड के तेवर तीखे बने हुए हैं। वहीं, राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात के बनने से हवाओं का रुख बदला है। इसके प्रभाव से कड़ाके की ठंड से राहत मिलने का अनुमान नजर आ रहा है।
भोपाल, पचमढ़ी, राजगढ़, खजुराहो, मंडला, नौगांव, उमरिया में सोमवार—मंगलवार की रात का तापमान पांच डिग्री से कम पर रहा। वहीं, भोपाल, सीहोर, विदिशा, शाजापुर, उमरिया, मंडला, नौगांव, पचमढ़ी में शीतलहर चली। शहडोल और सिवनी में तीव्र शीतलहर का प्रभाव रहा।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी में 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मैदानी जिलों की बात करें तो मंडला में तीन, उमरिया में तीन, नौगांव में 3.8, भोपाल में 4, राजगढ़ में 4.4, खजुराहो में 4.4, जबलपुर में पांच, उज्जैन में 8, इंदौर में 10.6 और ग्वालियर में 5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। हालांकि प्रदेश के अधिकतम तापमान में अधिकांश जिलों में हल्की वृद्धि देखने को मिली। इंदौर में तो अधिकतम तापमान बढ़कर 30.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने बुधवार को भी कई जिलों में शीत लहर पाला और कोहरा छाए रहने को लेकर चेतावनी जारी की है। विदिशा, सीहोर, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, शहडोल, उमरिया, जबलपुर, सिवनी, मंडला, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में शीत लहर चल सकती है। वहीं रायसेन नर्मदा पुरम जिलों में पाला पड़ सकता है और शीत लहर भी चल सकती है। ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना जिले में हल्के से लेकर मध्यम कोहरा छाया रह सकता है।
ठंड हो सकती है कम
राजस्थान पर बने प्रेरित चक्रवात के कारण प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में हवाओं का रुख दक्षिण-पश्चिमी होने लगा है। इस वजह से रात के तापमान में अब धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी। बुधवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के भी सक्रिय होने के आसार हैं।
साभार नवभारत टाइम्स