मानसून इस बार छह दिन पहले दे सकता है दस्तक
नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच अचानक मौसम ने अपना रुख बदल लिया है। वहीं, मौसम विज्ञान विभाग ने भी कहा है कि इस बार मानसून केरल में तय समय से पहले दस्तक दे देगा। मौसम विभाग के अनुसार केरल में आमतौर पर मानसून 1 जून को आता है, लेकिन इस साल 26 मई के आसपास आने की संभावना है, जो सामान्य तारीख से करीब छह दिन पहले है। यह 2009 के बाद पहला मौका हो सकता है जब मानसून इतनी जल्दी केरल में दस्तक देगा।
इस बीच 22 मई से दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र के बाकी इलाकों, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।
साभार अमर उजाला