कोचिंग संस्थानों के बाहर हुड़दंग करने वालों की अब खैर नहीं,बामौरकलां पुलिस का विशेष अभियान शुरू
(बुलेट से तेज आवाज निकालने और छात्राओं को परेशान करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, वाहन भी होंगे जब्त)
अतुल जैन
खनियांधाना। क्षेत्र में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, निर्भीक माहौल और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बामौरकलां पुलिस ने मनचलों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया है। अब कोचिंग संस्थानों के आसपास बुलेट बाइक या अन्य वाहनों से तेज आवाज निकालकर हुड़दंग मचाने, स्टंट करने अथवा छात्र-छात्राओं को परेशान करने वाले युवकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि शिक्षा के माहौल को बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। थाना प्रभारी संजय लोधी ने बताया कि पिछले कुछ समय से पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सुबह और शाम कोचिंग संस्थानों के खुलने और बंद होने के समय कुछ युवक बुलेट बाइक के मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालते हुए क्षेत्र में चक्कर लगाते हैं। कई युवक तेज गति से वाहन चलाकर स्टंट करते हैं और अनावश्यक रूप से हॉर्न बजाकर छात्र-छात्राओं का ध्यान भंग करते हैं। ऐसी गतिविधियों से विशेष रूप से छात्राओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है, वहीं अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में भी चिंता बढ़ रही थी इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बामौरकलां पुलिस ने कोचिंग संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस की टीम अब नियमित रूप से सुबह और शाम गश्त करेगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे, जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे और मौके पर ही कार्रवाई करेंगे थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि कोचिंग संस्थानों के 200 मीटर के दायरे में यदि कोई युवक बुलेट या अन्य वाहन से तेज आवाज निकालते हुए, स्टंट करते हुए या सार्वजनिक शांति भंग करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया जाएगा। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत भी प्रकरण दर्ज किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर वाहन जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बार-बार नियम तोड़ने वाले और छात्राओं से अभद्रता करने वाले मनचलों का पुलिस रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे। थाना प्रभारी संजय लोधी ने कोचिंग संचालकों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी कोचिंग संस्थान के आसपास कोई युवक हुड़दंग करता, तेज आवाज में वाहन चलाता या छात्र-छात्राओं को परेशान करता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल थाना बामौरकलां या डायल-100 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और तत्काल पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य किसी को अनावश्यक रूप से परेशान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करना है, ताकि छात्र-छात्राएं बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई कर सकें।
(इनका कहना है)
"बेटियों की सुरक्षा और विद्यार्थियों का भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोचिंग संस्थानों के आसपास किसी भी प्रकार का हुड़दंग, स्टंटबाजी या मनचलों की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
(संजय लोधी थाना, प्रभारी बामौर कलां)

