जिला चिकित्सालय झाबुआ में सामान्य प्रसव से तीन बेटियों का जन्म, मां एवं नवजात स्वस्थ

  • Share on :

रिपोर्टर :- सलीम हुसैन 
झाबुआ । जिला चिकित्सालय झाबुआ में एक दुर्लभ एवं सुखद घटना के तहत एक महिला ने सामान्य प्रसव के माध्यम से तीन स्वस्थ बेटियों को जन्म दिया। वर्तमान में माता एवं तीनों नवजात शिशुओं की स्थिति संतोषजनक है।

जानकारी के अनुसार रीना पति सुकराम, निवासी कुशलपुरा जिला धार (मायका – गोपालपुरा, जिला झाबुआ) को प्रसव पीड़ा होने पर जिला चिकित्सालय झाबुआ में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की सतत निगरानी तथा कुशल प्रबंधन के परिणामस्वरूप सफलतापूर्वक सामान्य प्रसव कराया गया।

जन्मी तीनों नवजात बेटियों का वजन क्रमशः 1.2 किलोग्राम, 1.3 किलोग्राम एवं 1.8 किलोग्राम है। कम वजन होने के कारण प्रथम एवं द्वितीय नवजात को विशेष निगरानी एवं उपचार के लिए एनआईसीयू में रखा गया है, जबकि 1.8 किलोग्राम वजन वाली नवजात अपनी माता के साथ स्वस्थ है। चिकित्सकों के अनुसार माता एवं तीनों नवजातों का स्वास्थ्य निरंतर बेहतर है।

इस सफल प्रसव में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतिष्ठा चौहान, नर्सिंग ऑफिसर मंजू निनामा एवं हिमानी खतरकर सहित समस्त लेबर रूम स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अस्पताल प्रशासन एवं सहयोगी कर्मचारियों द्वारा भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

जिला चिकित्सालय झाबुआ परिवार ने तीनों नवजात बेटियों एवं उनकी माता के उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि जिला चिकित्सालय में उपलब्ध मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता तथा चिकित्सकीय टीम की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper