हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसा: साच पास मार्ग पर गहरी खाई में गिरी कार, छत्तीसगढ़ के 7 पर्यटकों समेत 8 की मौत की आशंका
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के सात पर्यटकों समेत आठ लोगों की मौत की आशंका है। हादसा चुराह उपमंडल में बैरागढ़-साच पास-किलाड़ सड़क पर 29 मई की आधी रात को हुआ, जब पर्यटकों को लेकर जा रही एक एर्टिगा कार गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना के बाद से सभी लोग लापता हैं और इनके बचने की उम्मीद न के बराबर है। पुलिस और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे खोज अभियान के बीच यह साफ हो गया है कि कार में सवार किसी के भी बचने की संभावना नहीं है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के दो परिवारों के सात सदस्य पर्यटन के लिए हिमाचल प्रदेश आए थे। वे चम्बा जिला के पर्यटन स्थल डलहौजी में एक होटल में ठहरे हुए थे और 29 मई को साइट सीन के लिए साच पास की ओर निकले थे। पर्यटकों को शाम तक वापस उसी होटल में लौटना था, जहां उनकी बुकिंग थी। जब वे देर रात तक वापस नहीं पहुंचे और उनसे संपर्क भी नहीं हो सका तो होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

