बिहार के लखीसराय में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे, चालक समेत 5 की गई जान
मुंगेर। बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे और महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेतरहट थाना क्षेत्र के गुनसागर गांव के पास लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग पर हुआ। यहां स्कॉर्पियो और सामने से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो चालक समेत पांच लोगों की जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और मोतिहारी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मंगलवार सुबह स्कॉर्पियो लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान गुनसागर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक मासूम बच्चा और महिला भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वहीं, चार मृतकों के शव लखीसराय सदर अस्पताल लाए जा चुके हैं। स्कॉर्पियो चालक का शव दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर बुरी तरह फंसा हुआ है। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल की ओर से प्रयास किया जा रहा है।
साभार अमर उजाला

