ट्विशा शर्मा मौत मामला: पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह बनीं कैदी नंबर 71, बेटा समर्थ बैरक नंबर-4 में शिफ्ट

  • Share on :

भोपाल. ट्विशा शर्मा मौत मामले में भोपाल की अदालत ने पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मंगलवार को दोनों को भोपाल सेंट्रल जेल भेजा गया. जेल सूत्रों के मुताबिक, गिरिबाला सिंह को महिला मेडिकल सेक्शन में रखा गया है. यहां उनकी पहचान अब कैदी नंबर 71 होगी. वहीं समर्थ सिंह को जेल की बैरक नंबर-4 में रखा गया है, जहां उनकी पहचान कैदी नंबर 1782 के रूप में होगी.
जेल मैन्युअल के मुताबिक, दोनों को दैनिक उपयोग का सामान उपलब्ध कराया गया है. इनमें थाली, कटोरी और चादर जैसी जरूरी वस्तुएं शामिल हैं. मंगलवार को जब मामले की सुनवाई हुई तो 63 साल की गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में अपने पक्ष की पैरवी खुद की. सुनवाई के दौरान उनकी और ट्विशा शर्मा के परिवार की ओर से पेश हुए वकील अनुराग श्रीवास्तव के बीच तीखी बहस हो गई.
गिरिबाला सिंह ने आरोप लगाया कि जबलपुर जिला कोर्ट परिसर में उनके बेटे समर्थ सिंह के साथ धक्कामुक्की और हाथापाई की गई थी. इस पर अनुराग श्रीवास्तव ने जवाब देते हुए कहा कि यदि ऐसा कोई घटनाक्रम हुआ है तो कोर्ट परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जानी चाहिए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
सुनवाई के दौरान ट्विशा के परिवार की ओर से यह सवाल भी उठाया गया कि समर्थ सिंह को जबलपुर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के चेंबर में शरण कैसे मिली. समर्थ सिंह की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि यदि किसी व्यक्ति को अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस होता है तो उसे सुरक्षित स्थान पर शरण लेने का अधिकार है.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper