तुर्की: इजमिर के इस्पात कारखाने में बड़ा हादसा, भट्टी में क्रेन गिरने से 16 की जान गई, जांच शुरू

  • Share on :

नई दिल्ली। पश्चिमी तुर्की के इजमिर में एक लोहे और इस्पात कारखाने में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई. हादसे के दौरान फैक्ट्री में करीब 200 मजदूर मौजूद थे. इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए.
इज़मिर प्रांत के गवर्नर सुलेमान एल्बन ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि ये धमाका एलियागा इलाके में स्थित हबास प्लांट में दोपहर करीब 12 बजे हुआ. बॉयलर बदलते समय एक क्रेन अचानक भट्टी में गिर गई, जिससे पास की स्टील मिल में जोरदार धमाका हो गया और आग फैल गई.
उन्होंने बताया कि बॉयलर बदलने के कारण प्रोडक्शन रुका हुआ था, इसलिए वहां सामान्य 300 मजदूरों के बजाय 200 मजदूर ही मौजूद थे.
कैबिनेट बैठक के बाद एक टेलीवाइज्ड संबोधन में राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन ने बताया कि घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. उन्होंने कहा, 'विस्फोट की न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है. राष्ट्र को गहरा दुख पहुंचाने वाली इस दुखद घटना के कारणों, परिस्थितियों और इसमें किसकी लापरवाही तथा जिम्मेदारी थी, इसका जल्द ही खुलासा किया जाएगा.'
गृह मंत्री मुस्तफा सिफ्तची ने सोशल मीडिया पर बताया कि इमरजेंसी टीमें आग पर काबू पाने और पीड़ितों की तलाश में लगी रहीं. घायलों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. न्याय मंत्री एकिन गुरलेक ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार सरकारी वकीलों को सौंपा गया है. वहीं, डेमिरोरेन समाचार एजेंसी के मुताबिक, इस हादसे के बाद पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper