शासकीय चंद्रविजय महाविद्यालय में उमंग हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम आयोजित

  • Share on :

विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच के साथ एनीमिया, सिकल सेल, मानसिक स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति किया जागरूक
शिवम् प्रजापति
डिंडौरी। शासकीय पीएम श्री चंद्रविजय महाविद्यालय में उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय तथा जिला नोडल अधिकारी (आरकेएसके) एवं डीएचओ-2 डॉ. जयश्री मरावी के मार्गदर्शन में किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह एवं डॉ. पार्वती कुशराम ने स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. अमीर खान ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि परोपकार से आंतरिक खुशी मिलती है तथा समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।
       कार्यशाला में जिला क्षय रोग समन्वयक श्री छत्रपति सिंह ने एनीमिया स्क्रीनिंग एवं सिकल सेल रोग के लक्षण, समस्याओं और बचाव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सिकल सेल को वंशानुगत बीमारी बताते हुए विवाह से पूर्व सिकल सेल जांच कराने के महत्व पर जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों को सिकल सेल के उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच, योग, व्यायाम एवं शारीरिक सक्रियता के लाभों से अवगत कराया। मानसिक स्वास्थ्य केंद्र से श्रीमती रजनी मरावी ने मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
       महाविद्यालय के उमंग हेल्थ एवं वेलनेस नोडल अधिकारी डॉ. अमीर खान ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए। जीवन में कभी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी एवं उनका समय पर लाभ लेना आवश्यक है। जिला किशोर स्वास्थ्य समन्वयक श्री ओमप्रकाश उरैती ने विद्यार्थियों को उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी।
        कार्यशाला में परामर्शदाता श्री गौरी शंकर बर्मन ने उमंग स्वास्थ्य क्लीनिक के अंतर्गत प्रदान की जाने वाली 14 प्रकार की सेवाओं, पोषण एवं मनहित ऐप के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416, उमंग हेल्पलाइन नंबर 14425 तथा जस्ट आस्क चैटबॉट की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
           कार्यक्रम के दौरान आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषिकेश सिंह, डॉ. हर्षवर्धन सिंह, सीएचओ जानकी चंद्रा, दुर्गेशनंदनी एवं आरती सिन्द्राम ने छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्क्रीनिंग की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में परामर्शदाता श्री गौरी शंकर बर्मन एवं श्रीमती गुलफिसा बेगम का विशेष सहयोग रहा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper