स्वच्छ जल अभियान के अंतर्गत जनसुनवाई के साथ जल सुनवाई का भी आयोजन
जल संबंधी शिकायतों का किया जा रहा त्वरित एवं प्रभावी समाधान
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंशानुसार प्रदेश में स्वच्छ जल अभियान का संचालन किया जा रहा है। यह अभियान दो चरणों में आयोजित हो रहा है, जिसमें प्रथम चरण 10 जनवरी से 28 फरवरी 2026 तक तथा द्वितीय चरण 1 मार्च से 31 मार्च 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत आम नागरिकों की पेयजल से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जल सुनवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार जिले में आमजन की जल संबंधी समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के साथ अब जल सुनवाई भी आयोजित की जा रही है। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर भी जनसुनवाई का आयोजन कर मौके पर ही जल संबंधी शिकायतों का निराकरण किया जा रहा है।
जल सुनवाई के दौरान नागरिकों द्वारा जल आपूर्ति, पेयजल उपलब्धता, नल कनेक्शन, जलस्तर, पाइपलाइन, पानी की टंकी, हैंडपंप सहित अन्य जल संबंधी समस्याओं से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत की जा सकती हैं। प्राप्त शिकायतों की सुनवाई कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सी.एम. हेल्पलाईन एवं लोकल ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान, वार्ड/मोहल्ला/पंचायत समिति का सशक्तिकरण एवं नियमित बैठकों का आयोजन, वार्ड एवं पंचायत स्तर पर शिकायतों का निराकरण तथा IEC गतिविधियों के माध्यम से जनजागरूकता सुनिश्चित की जाएगी।
शहरी क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारी परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण, झाबुआ तथा ग्रामीण क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारी कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, झाबुआ नियुक्त किए गए हैं। जल सुनवाई के माध्यम से नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों सहित वार्ड एवं पंचायत स्तर की जल संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे जल से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु प्रति मंगलवार आयोजित जनसुनवाई में उपस्थित होकर जल सुनवाई का लाभ लें।

