केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने खनियाधाना में हितग्राही सम्मेलन में लिया भाग

  • Share on :

करोड़ों के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमि पूजन
दैनिक रणजीत टाइम्स संवाददाता जगदीश पाल 
खनियाधाना (शिवपुरी) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खनियाधाना में हितग्राही सम्मेलन में भाग लिया और हितग्राहियों को लाभ वितरण किए। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। 
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि आज महावीर जयंती का अवसर है और महावीर स्वामी ने न केवल भारत की जनता बल्कि विश्व की जनता को मोक्ष का मार्ग दिखाया। हमें उनके आदर्शों से सीख लेना चाहिए।
 उन्होंने कहा कि मैं अपने क्षेत्र की जनता के लिए सदैव तत्पर खड़ा हूं और कठिन समय में सदैव मेरी जनता के साथ हूं। लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए जो पिछली बार जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया जिसमें जो भी आवेदन आए। पात्रतानुसार सभी का निराकरण किया गया है। एक-एक आवेदन मेरे लिए महत्वपूर्ण है। 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण कार्यों की लगातार सौगात दी जा रही है। 5 करोड़ आवास बनाए जाएंगे कोई भी बिना आवास के ना रहे। 2030 तक सभी का अपना आवास हो, ऐसी संकल्पना है। प्रदेश में लाडली बहनों को प्रतिमाह 1250 रुपए प्रदान किया जा रहे हैं। सरकार ने आयुष्मान कार्ड के तहत 5 लाख तक की स्वास्थ्य गारंटी प्रदान की है। पीने के पानी की समस्या को दूर करने के लिए नल जल योजना लाई गई है। सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। पिछोर में ही 13 विद्युत सब स्टेशन लगाए गए हैं। चंदेरी से पिछोर तक 415 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण किया जाएगा। यह सरकार की ओर से क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात है।
कार्यक्रम में पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने भी संबोधित किया और क्षेत्र के लिए केंद्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा किए जा रहे प्रयास और विकास के लिए उनकी सराहना की। 
इन कार्यों का हुआ लोकार्पण - भूमि पूजन 
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने लगभग 6 करोड़ 87 लाख से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। उन्होंने पिछोर में पीडब्ल्यूडी रोड से बिरौली आदिवासी बस्ती तक 111.34 लाख की लागत से बनने वाली सड़क का भूमि पूजन किया। 50 लाख की लागत से तैयार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया।
 इसी प्रकार खनियाधाना में 25-25 लाख की लागत से ग्राम गुडर, पिपरई, नयागांव, गूगरी, कमालपुर, सूजवाहा, कालीपहाड़ी, झालौनी, पीपलखेड़ा, गलौदरा, पिपरा के लिए सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। इसके अलावा जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम बसाहर में 156.29 लाख,ग्राम खेरोदा 36.37 लाख, ग्राम झूतरी 32.93 लाख की लागत की नल जल योजना का लोकार्पण किया गया।
 पिछोर में 14.21 लाख की लागत से नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास की बाउंड्री वॉल और 11.03 लाख लागत की कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की बाउंड्री वॉल का भूमिपूजन किया।
हितग्राहियों को किया लाभ वितरण
कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना, आयुष्मान योजना, आजीविका मिशन द्वारा लोन वितरण, पशुपालन विभाग के आचार्य विद्यासागर योजना और पशुधन के, स्वामित्व अधिकार अभिलेख और आगजनी से फसल क्षति राशि, मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना के तहत अनुग्रह सहायता राशि का वितरण किया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper