अमेरिका में तकनीकी संकट: प्रमुख बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं और एयरलाइंस सिस्टम ठप
नई दिल्ली. अमेरिका के बुनियादी ढांचे और डिजिटल सिस्टम पर लगातार संकट के बादल मंडरा रहे हैं. शुक्रवार को हवाई यातायात ठप होने और माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के बाद अब सोमवार को अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं ठप पड़ गईं. दूसरी तरफ, यूनाइटेड एयरलाइंस के सिस्टम में भी तकनीकी खराबी आने से हवाई यात्रियों की मुश्किलें फिर बढ़ गई. हालांकि कुछ घंटों बाद एयरलाइंस के सिस्टम को सुधार लिया गया.
दरअसल, देश के कई बड़े बैंकों के ग्राहकों ने सोमवार को ऑनलाइन अकाउंट एक्सेस करने और लेनदेन में परेशानी की शिकायत की. बैंक ऑफ अमेरिका, चेज, जेपी मॉर्गन, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो और डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म Zelle के यूजर्स ने सेवाओं में दिक्कत की जानकारी दी.
देश के सबसे बड़े बैंक जेपी मॉर्गन चेज के आंतरिक हार्डवेयर सिस्टम में सॉफ्टवेयर की खराबी के कारण लेनदेन में देरी हुई. इसका असर बैंक ऑफ अमेरिका, सिटीग्रुप समेत दूसरे बैंकों के उन ग्राहकों पर भी पड़ा, जो चेज के साथ लेनदेन कर रहे थे. चेज ने बताया कि उसके सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण ट्रांजैक्शन धीमे हो गए. बैंक इस समस्या को दूर करने और सेवाएं सामान्य करने में जुटा था. कई ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग इस्तेमाल करते समय संदेश मिला कि कुछ सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं और उन्हें बाद में दोबारा कोशिश करनी चाहिए. चेज ने साफ किया कि यह समस्या किसी साइबर हमले की वजह से नहीं आई थी.
साभार आज तक

