वार्ड 47 में ठेकेदार की मनमानी, काम के बदले वसूली का आरोप; पार्षद ने लगाई फटकार

  • Share on :

सह सम्पादक - दीपक वाड़ेकर
इंदौर। नगर निगम झोन क्रमांक 9 के वार्ड क्रमांक 47 (दुबे साहब के बगीचे की गली नंबर 5) में विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। स्थानीय रहवासियों ने ड्रेनेज और नर्मदा लाइन डाल रहे ठेकेदार शिव कुमार नागिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
​वसूली और अव्यवस्था के मुख्य बिंदु:
​नल कनेक्शन के नाम पर वसूली: रहवासियों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा प्रति घर 3,000 रुपये की अवैध वसूली की गई। हद तो तब हो गई जब कनेक्शन के लिए लगने वाले प्लास्टिक पाइप के पैसे भी जनता से लिए गए, लेकिन इसकी कोई रसीद नहीं दी गई।
​पानी की सप्लाई में अनिश्चितता: कनेक्शन होने के बाद भी पानी आने का कोई तय समय नहीं है। निगम कर्मचारी अपनी मनमर्जी से वाल्व चालू करते हैं, जिससे कई परिवार पानी भरने से वंचित रह जाते हैं।
​घटिया निर्माण सामग्री: वर्तमान में डाले जा रहे ड्रेनेज लाइन और चेंबरों में घटिया मटेरियल के इस्तेमाल की शिकायत है। रहवासियों को डर है कि भविष्य में ये चेंबर जल्दी ही टूट जाएंगे।
​कनेक्शन के लिए 'रिश्वत' की मांग: घर की पर्सनल लाइन को मेन चेंबर से जोड़ने के लिए ठेकेदार द्वारा 1,000 से 3,000 रुपये की मांग की जा रही है। पैसे न देने पर रहवासियों के घरों का कनेक्शन काट दिया गया है, जिससे लोग गंदगी और ड्रेनेज की समस्या से जूझ रहे हैं।
​पार्षद की कार्रवाई:
​रहवासियों के अनुसार, वार्ड पार्षद नंद किशोर पहाड़िया से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन शुरुआत में कोई सुनवाई नहीं हुई। जब मीडिया संवाददाता ने जनता की समस्या को लेकर पार्षद को मौके पर बुलाया, तब पार्षद ने जनता के बीच ही ठेकेदार शिव कुमार नागिया को फोन पर कड़ी फटकार लगाई और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
​मुख्यमंत्री से गुहार:
​क्षेत्र की जनता ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से निवेदन किया है कि इंदौर में ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों की इस 'दादागिरी' पर लगाम कसी जाए। रहवासियों की मांग है कि भ्रष्टाचार करने वाले ठेकेदारों को तुरंत हटाया जाए और जनता को मूलभूत सुविधाएं बिना किसी अवैध वसूली के प्रदान की जाएं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper