बदला मौसम का मिजाज: पहाड़ों पर ओलावृष्टि की आशंका, राजस्थान में 80 KM की रफ्तार से चलेगी आंधी
नई दिल्ली। मॉनसून के आगे बढ़ने के साथ देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मैदानों में हल्की बारिश से मौसम सुहाना हो गया है, जबकि पहाड़ी इलाकों में परेशानी बढ़ गई है। हालांकि, अब तक मॉनसून की एंट्री का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। मॉनसून के केरल पहुंचने की सामान्य तारीख 1 जून है।
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश, आंधी की चेतावनी जारी की है। पूर्वोत्तर राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में सप्ताहभर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं दक्षिण भारत के कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तर-पश्चिम भारत के जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी और 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

