ठंडे बस्ते में जाएगी जांच या होगा एक्शन? खनिज इंस्पेक्टर सोनू श्रीवास के आरोपों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल....
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी जिले में खनिज विभाग के इंस्पेक्टर सोनू श्रीवास एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। इस बार, खंडों (बोल्डर) का अवैध उत्खनन करने वाले भूरा सरदार ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने विभाग में खलबली मचा दी है।
वायरल वीडियो में भूरा सरदार कथित तौर पर इंस्पेक्टर सोनू श्रीवास पर लेन-देन और प्रताड़ना के आरोप लगाता नजर आ रहा है। यह पहली बार नहीं है जब सोनू श्रीवास सुर्खियों में आए हों; इससे पहले भी उन पर भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के कई गंभीर आरोप लग चुके हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिले में खनिज संपदा का अवैध दोहन धड़ल्ले से जारी है और इस मामले में विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। भूरा सरदार के आरोपों ने एक बार फिर खनिज विभाग की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
हालांकि, इस वायरल वीडियो और आरोपों की सत्यता के लिए खनिज विभाग के मुख्य अधिकारी राम सिंह यूके से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
वही मामले पर खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। देखना यह होगा कि क्या प्रशासन इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराता है या हर बार की तरह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

