आप न तो इन्हें मोहल्ले में स्मैक बेचने दें और न ही खरीदने वालों को आने दें: टीआई

  • Share on :

संदिग्ध लोगों के घर पहुंची पुलिस, पुलिस के पहुंचने से पहले भागे, चार लोगों पर की प्रतिबंधात्कम कार्रवाई
फोटो-लोगों को स्मैक के खिलाफ जागरूक करते टीआई 
शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को मनीयर क्षेत्र में स्मैक का कारोबार करने वाले संदिग्ध लोगों के घरों पर दबिश हुए चार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। वहीं स्थानीय लोगों को स्मैक के दुष्परिणाम बताते हुए इस बात के लिए जागरूक किया कि, वह अपने आसपास न तो स्मैक बिकने दें और न ही स्मैक खरीदने वाले लोगों को यहां आने दें। अगर कोई मोहल्ले में स्मैक का क्रय विक्रय करता है तो उसकी जानकारी पुलिस को दें, ताकि आपका और अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके। 
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से लालमाटी और मनीयर क्षेत्र में सात-आठ लोगों द्वारा स्मैक बेचने की सूचना मिल रही थी। उक्त सूचना पर कोतवाली टीआई कृपाल सिंह राठौड़ मंगलवार को अपनी टीम के साथ लालमाटी और मनीयर क्षेत्र में पहुंचे। इस दौरान संदिग्धों के घर पर दबिश दी, चार संदिग्धों को पकड़ा। उनके पास स्मैक तो नहीं मिली, लेकिन पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इसके साथ ही टीआई कृपाल सिंह ने मोहल्लों में लोगों को बताया कि यह लोग आपके मोहल्लों में स्मैक बेचते हैं, जिन्हें खरीदने के लिए नशे के आदी युवक आपके मोहल्ले में आते हैं। ये लोग यही पर बैठकर स्मैक का नशा करते हैं, इंजेक्शन लगाते हैं। जरा सोचो, इसका अापके बच्चों पर क्या असर होगा? आपके घरों में रहने वाली बहन, बेटियां तक इनसे सुरक्षित नहीं रह पाएंगी, क्योंकि नशे की हालत में यह कुछ भी कर सकते हैं। ऐसे हालात आपके मोहल्ले में उत्पन्न न हों इसके लिए पूरे मोहल्ले के लोग यह प्रण ले लो कि, मोहल्ले में इन्हें न तो स्मैक बेचने देंगे और न ही किसी को स्मैक खरीदने के लिए आने देंगे। अगर कोई मोहल्ले में स्मैक बेचे या खरीदने आए तो उसकी सूचना पुलिस को जरूर दें, क्योंकि स्मैक आपके शहर के लिए जहर बन चुकी है। यह आपकी युवा पीढ़ी मो निगल रही है। अगर समाज स्मैक का कारोबार करने वाले लोगों को नहीं रहने देगा तो इस कारोबार में काफी हद तक कमी आ सकती है।
दीपक परमार जिला ब्यूरो 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper